लीलण सुपरफास्ट अब पूरी तरह इलेक्ट्रिक इंजन से चलेगी

लीलण सुपरफास्ट अब पूरी तरह इलेक्ट्रिक इंजन से चलेगी

जयपुर से 1 अप्रैल से शुरू हुआ संचालन, जैसलमेर से 3 अप्रैल (शुक्रवार) से होगी रवाना

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए लीलण सुपरफास्ट एक्सप्रेस को अब पूर्णतः इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत जैसलमेर-जयपुर-जैसलमेर के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 12467/12468 लीलण सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन अब डीजल इंजन के स्थान पर इलेक्ट्रिक इंजन से किया जाएगा।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 12468 जयपुर-जैसलमेर लीलण सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन 1 अप्रैल से इलेक्ट्रिक इंजन के साथ शुरू हो चुका है। वहीं ट्रेन संख्या 12467 जैसलमेर-जयपुर लीलण सुपरफास्ट एक्सप्रेस 3 अप्रैल (शुक्रवार) से जैसलमेर से इलेक्ट्रिक इंजन के साथ रवाना होगी।

डीआरएम ने कहा कि इस परिवर्तन से ट्रेन संचालन अधिक सुचारु होगा और पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा। इलेक्ट्रिक इंजन से संचालन होने पर ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण में कमी आएगी। साथ ही समयपालनता में सुधार होने की संभावना है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस बदलाव के बावजूद ट्रेन के संचालन समय और ठहराव वाले स्टेशनों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।