जोधपुर मंडल में 2025–26 की उपलब्धियों व आगामी परियोजनाओं पर डीआरएम की प्रेस कॉन्फ्रेंस

जोधपुर, उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेल मंडल में वित्तीय वर्ष 2025?26 के दौरान किए गए कार्यों, पूर्ण हुई प्रमुख परियोजनाओं तथा आगामी योजनाओं के संबंध में मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों को मंडल की उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025?26 में जोधपुर मंडल ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस अवधि में राजस्व अर्जन, माल परिवहन, यात्री सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा उन्नयन तथा आधारभूत संरचना विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मंडल के कई स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य पूर्ण किया गया है। वहीं ट्रैक नवीनीकरण, विद्युतीकरण, स्वचालित सिग्नलिंग तथा डिजिटल सेवाओं के विस्तार से रेल संचालन को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाया गया है।

मंडल में पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता के क्षेत्र में भी सराहनीय कार्य किए गए हैं। इनमें सोलर ऊर्जा का अधिक उपयोग, ऊर्जा बचत उपायों को लागू करना तथा ISO प्रमाणन जैसी उपलब्धियां शामिल हैं। इसके साथ ही यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने हेतु नई ट्रेनों का संचालन, स्टेशन उन्नयन, लिफ्ट तथा आधुनिक सुविधाओं की स्थापना जैसे कार्यों को भी प्राथमिकता दी गई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंडल रेल प्रबंधक ने आगामी प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि भगत की कोठी मेगा रेलवे हब, वंदे भारत स्लीपर डिपो एवं ट्रेनिंग सेंटर, अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत शेष स्टेशनों का पुनर्विकास, नई रेल लाइनों का निर्माण, डबलिंग कार्य तथा कवच सुरक्षा प्रणाली जैसे कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट प्रगति पर हैं। ये योजनाएं आने वाले समय में क्षेत्र की रेल सेवाओं को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाएंगी।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनीराम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव सहित मंडल के अन्य अधिकारी तथा प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।