प्रयागराज लोको पायलट व गार्ड लॉबी में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

प्रयागराज लोको पायलट व गार्ड लॉबी में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

160 रनिंग कर्मियों की हुई जांच, ?डिजी-चाय? यूपीआई आधारित टी-वेंडिंग मशीन का उद्घाटन

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल अंतर्गत लोको पायलट एवं गार्ड लॉबी परिसर में गुरुवार को रनिंग कर्मचारियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर दिनांक 02 अप्रैल 2026 को आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य रनिंग स्टाफ को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और ?पहला सुख निरोगी काया? के संदेश को बढ़ावा देना था।

शिविर में केंद्रीय रेलवे अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोको पायलट, गार्ड एवं अन्य रनिंग कर्मियों की ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी, बीएमआई तथा नेत्र जांच की गई। जांच के बाद कर्मचारियों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया। शिविर में बड़ी संख्या में रनिंग स्टाफ ने भाग लिया।

वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. परवेज एवं डॉ. अपर्णा सक्सेना ने कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (प्रयागराज) आकाश श्रीनेत्र ने कहा कि रनिंग कर्मचारियों का स्वस्थ रहना सुरक्षित रेल संचालन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस प्रकार के शिविरों को कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण बताया।

शिविर के समापन अवसर पर लोको पायलट एवं गार्ड लॉबी परिसर में रनिंग कर्मियों की सुविधा के लिए उत्कृष्ट एवं नवाचार व्यवस्था के तहत यूपीआई आधारित ऑटोमैटिक टी-वेंडिंग मशीन ?DIGI-CHAI? सेवा का उद्घाटन भी किया गया।

शिविर के आयोजक मुख्य क्रू नियंत्रक (सामान्य) वासुदेव पाण्डेय ने सभी चिकित्सकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

स्वास्थ्य जांच शिविर में मुख्य लोको निरीक्षकगण सहित अधिकारियों की उपस्थिति रही। कुल 160 रनिंग कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा कर्मचारियों ने इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को नियमित अंतराल पर आयोजित किए जाने की मांग भी की।