अजमेर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में रचे सफलता के नए कीर्तिमान: डीआरएम राजू भूतड़ा

अजमेर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में रचे सफलता के नए कीर्तिमान: डीआरएम राजू भूतड़ा

माल लदान, समयपालनता और रेल राजस्व में ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व, माल लदान और समयपालनता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। इन उपलब्धियों को साझा करने के लिए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित ?संवेग? सभाकक्ष में बुधवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने बताया कि बीता वित्तीय वर्ष अजमेर मंडल के लिए बुनियादी ढांचे के विस्तार, यात्री सुविधाओं के विकास, माल लदान, समयपालनता और रेल राजस्व सृजन के लिहाज से ऐतिहासिक रहा है।

डीआरएम ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अजमेर मंडल ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल ₹1,976.04 करोड़ की सकल आय अर्जित की, जो मंडल के इतिहास में रिकॉर्ड है।

उन्होंने कहा कि अजमेर मंडल समयपालनता के क्षेत्र में भी भारतीय रेल में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में (26 मार्च तक) मंडल की ओवरऑल पंक्चुअलिटी 97.75 प्रतिशत दर्ज की गई। मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में समयपालनता 97.80 प्रतिशत तथा पैसेंजर ट्रेनों में 98.03 प्रतिशत रही।

माल लदान के क्षेत्र में भी अजमेर मंडल ने नया इतिहास रचते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 10.29 मिलियन टन माल लदान का आंकड़ा पार किया, जो वर्ष 2002 में मंडल गठन के बाद अब तक का सर्वाधिक वार्षिक लदान है।

डीआरएम ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मंडल के 15 स्टेशनों पर पुनर्विकास कार्य तेजी से चल रहा है, जिनमें से अधिकांश स्टेशन विकास कार्य अंतिम चरण में हैं।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मंडल द्वारा ऊर्जा बचत के लिए सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना और स्टेशनों पर ?जीरो वेस्ट? नीति के तहत विशेष प्रयास किए गए हैं।

रेल मदद सेवा के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अजमेर मंडल ने बेहतरीन फीडबैक (76.12%) के लिए भारतीय रेलवे में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं असंतोषजनक फीडबैक (11.63%) में भारतीय रेलवे में तीसरा स्थान तथा न्यूनतम निपटान समय (17 मिनट) के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे में पहला स्थान हासिल किया है।

डीआरएम राजू भूतड़ा ने इन उपलब्धियों का श्रेय मंडल के समस्त रेलकर्मियों की कर्मठता और यात्रियों के निरंतर सहयोग को दिया। उन्होंने आगामी वर्ष के लिए ?सेफ्टी फर्स्ट, पैसेंजर फर्स्ट? के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि अजमेर मंडल भविष्य में भी अत्याधुनिक सेवाओं के माध्यम से भारतीय रेलवे के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रेम रंजन ठाकुर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।