जम्मू मंडल के पुल संख्या 163 पर ट्रेनों की गति बहाली के लिए उत्तर रेलवे ने लिया ‘मेगा ब्लॉक’, यात्रियों के लिए की गई विशेष व्यवस्था

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में शहीद कैप्टन तुषार महाजन?चक रखवाल (MCTM?CRWL) रेल खंड के बीच स्थित पुल संख्या 163 पर ट्रेनों की सामान्य गति बहाल करने के उद्देश्य से 01 अप्रैल को रेलवे द्वारा विशेष ?मेगा ब्लॉक? लिया गया। यह कदम रेल परिचालन को सुरक्षित एवं सुचारू बनाने के लिए उठाया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार पिछले वर्ष भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ के कारण पुल संख्या 163 को नुकसान पहुंचा था। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस रेलखंड पर अस्थायी रूप से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा लागू कर दी गई थी। अब इस गति प्रतिबंध को हटाकर ट्रेनों की सामान्य गति बहाल करने के लिए विभिन्न तकनीकी प्रक्रियाओं के तहत व्यापक कार्य किए गए।

मेगा ब्लॉक के दौरान जम्मू-कटरा रेलखंड पर ट्रैफिक और ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक इक्विपमेंट) से जुड़े कार्य किए गए। इसके साथ ही बजालता स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज (एफओबी) निर्माण कार्य भी प्रगति पर रहा। जम्मू-बजालता रेलखंड पर बीसीएम मशीन द्वारा ट्रैक की सफाई और सुधार कार्य किया गया, वहीं टीआरआर यानी रेल नवीनीकरण का कार्य भी पूरा किया गया। इसके अलावा रेल पटरी में तनाव को कम करने के लिए डी-स्ट्रेसिंग कार्य किया गया। शहीद कैप्टन तुषार महाजन यार्ड में पीसीटी मशीन द्वारा ट्रैक रखरखाव का कार्य भी संपन्न कराया गया।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि इन कार्यों के पूर्ण होने से जम्मू?श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलखंड पर ट्रेनों की गति में वृद्धि होगी, परिचालन सुरक्षा और मजबूत होगी तथा रेल बुनियादी ढांचा और अधिक सुदृढ़ बनेगा।

मेगा ब्लॉक के दौरान यात्रियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के मार्गदर्शन में जम्मू मंडल द्वारा विशेष व्यवस्था करते हुए तीन ट्रेनों के यात्रियों को श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक पहुंचाने की सुविधा प्रदान की गई। इनमें ट्रेन संख्या 11449 जबलपुर?एसवीडीके एक्सप्रेस, 12919 मालवा एक्सप्रेस और 12475 हापा?एसवीडीके सर्वोदय एक्सप्रेस शामिल रही।

रेलवे ने प्रभावित ट्रेनों के यात्रियों को अलर्ट संदेश भेजे और अनारक्षित टिकट खिड़की पर आवश्यक निर्देश जारी किए गए। रेलवे स्टाफ द्वारा यात्रियों को लगातार मार्गदर्शन दिया गया। स्टेशनों पर आरपीएफ और टिकट चेकिंग स्टाफ को यात्रियों की काउंसलिंग एवं सहायता के लिए तैनात किया गया। शहीद कैप्टन तुषार महाजन रेलवे स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण के लिए जीआरपी और आरपीएफ की तैनाती की गई।

यात्रियों को कटरा पहुंचाने के लिए एमसीटीएम स्टेशन पर विशेष बसों की व्यवस्था की गई। साथ ही यात्रियों की सहायता एवं रिफंड प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए हेल्प डेस्क और विशेष रिफंड काउंटर भी सक्रिय किए गए।

जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि रेलवे द्वारा यह मेगा ब्लॉक यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन को बेहतर बनाने के लिए बेहद आवश्यक था, और भविष्य में इससे ट्रेनों का संचालन अधिक तेज एवं सुरक्षित रूप से किया जा सकेगा।