जम्मू मंडल: रेल कर्मचारियों ने ट्रेन में छूटा यात्री का बैग सुरक्षित लौटाया, यात्रियों की सुरक्षा के प्रति दिखाई तत्परता

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने एक बार फिर यात्रियों की सेवा और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। सुरक्षा एवं परिचालन विभाग के कर्मचारियों के बेहतर आपसी समन्वय से एक यात्री का कीमती सामान से भरा बैग सुरक्षित बरामद कर उसे सही सलामत यात्री को वापस सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार, यात्रा के दौरान एक यात्री का बैग ट्रेन संख्या 12413 में छूट गया था। ट्रेन में तैनात ऑन-बोर्ड कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए बैग को तुरंत बरामद किया और आगे की कार्रवाई के लिए आरपीएफ कठुआ को सौंप दिया।

इसके बाद बैग को यात्री तक सुरक्षित पहुंचाने में परिचालन विभाग के उप मुख्य कोचिंग नितेश्वर मनहास तथा कठुआ स्टेशन मास्टर कमलेश शर्मा ने रात के समय विशेष सहयोग प्रदान किया। उनके कुशल समन्वय के चलते बैग को जल्द से जल्द पठानकोट कैंट पहुंचाया गया।

वहीं अंतिम सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बैग को यात्री को सौंप दिया गया। यात्री ने रेलवे और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि बैग में रखा मोबाइल फोन, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य कीमती सामान पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जम्मू मंडल ने यात्रियों को आश्वस्त किया है कि उनकी यात्रा को सुरक्षित और सुखद बनाने के लिए रेलकर्मी हर समय तत्पर रहते हैं।

राघवेंद्र सिंह, जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल