जम्मू मंडल में टिकट चेकिंग से रिकॉर्ड कमाई, मार्च में 62 लाख का राजस्व अर्जित

जम्मू मंडल में टिकट चेकिंग से रिकॉर्ड कमाई, मार्च में 62 लाख का राजस्व अर्जित

11 हजार से अधिक बिना टिकट यात्रियों पर कार्रवाई,'जीरो टॉलरेंस' अभियान रहा सफल

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का शानदार समापन करते हुए टिकट चेकिंग अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। मंडल ने वित्तीय वर्ष के अंतिम महीने मार्च 2026 में बिना टिकट यात्रा और अनियमितताओं के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के जरिए करीब 62 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह अभियान अब तक का सबसे व्यापक और प्रभावी टिकट जांच अभियान माना जा रहा है। इस दौरान करीब 11 हजार यात्रियों को बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते हुए पकड़ा गया और नियमानुसार कार्रवाई की गई।

प्रमुख स्टेशनों पर सघन जांच, प्रवेश-निकास द्वारों पर कड़ी निगरानी

मार्च माह में चलाए गए अभियान के तहत जम्मू मंडल के प्रमुख स्टेशनों जम्मू, कटरा, श्रीनगर, पठानकोट कैंट और बड़गाम में टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा प्रवेश और निकास द्वारों को पूरी तरह कवर करते हुए सघन जांच की गई।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि जांच के दौरान प्लेटफॉर्म, ट्रेनों और स्टेशन परिसरों में लगातार निगरानी रखी गई, जिससे बिना टिकट यात्रा करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सका।

नवरात्रि के दौरान भीड़ में भी दिखी सख्ती

रेलवे के अनुसार, नवरात्रि के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए टिकट जांच को और अधिक मजबूत किया गया। इस अवधि में टिकट चेकिंग स्टाफ ने विशेष सतर्कता के साथ काम किया, जिससे अनधिकृत यात्रियों पर लगाम लगाई जा सकी और वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिली।

'जीरो टॉलरेंस' नीति बनी सफलता की वजह

इस उपलब्धि का श्रेय वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के मार्गदर्शन में चलाए गए 'जीरो टॉलरेंस' अभियान को दिया जा रहा है। अभियान के तहत रेलवे ने बिना टिकट यात्रा, अनुचित पास, फर्जी टिकट और अन्य अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक का बयान

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा?

"मार्च का महीना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। हमारे टिकट चेकिंग स्टाफ ने दिन-रात मेहनत कर यह सुनिश्चित किया कि ईमानदार यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यह आय केवल राजस्व नहीं है, बल्कि रेलवे नियमों के प्रति जनता के विश्वास और अनुपालन की जीत है।"

रेलवे की अपील? वैध टिकट के साथ करें यात्रा

जम्मू मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें। बिना टिकट यात्रा करना रेलवे अधिनियम 1989 के तहत दंडनीय अपराध है।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे टिकट खरीदने के लिए यूटीएस (UTS) मोबाइल ऐप, एटीवीएम (ATVM) या रेलवन ऐप का उपयोग करें, ताकि जुर्माने और असुविधा से बचा जा सके।

राघवेंद्र सिंह, जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल