उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने कटड़ा-श्रीनगर-बारामूला रेलखंड का किया व्यापक निरीक्षण, सुरक्षा व यात्री सुविधाओं की समीक्षा

जम्मू। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय ने कश्मीर घाटी में चल रही रेल परियोजनाओं और परिचालन तैयारियों का जायजा लेने के लिए कटड़ा-श्रीनगर-बारामूला रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। महाप्रबंधक ने 29 मार्च को कटड़ा से श्रीनगर तक विस्तृत निरीक्षण किया, जबकि 30 मार्च को बड़गाम से बारामूला रेलखंड का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों एवं यात्री सुविधाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार सहित सीनियर डीसीएम उचित सिंघल, सीनियर डीईएन शुभम पवार व मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण का उद्देश्य यूएसबीआरएल (USBRL) परियोजना, जो कि एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परियोजना है, उसकी प्रगति और परिचालन तत्परता का आकलन करना रहा।

महाप्रबंधक ने विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए रेल पटरियों, पुलों और सुरंगों की सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कश्मीर घाटी के प्रमुख स्टेशनों का भी जायजा लिया, जिसमें अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे स्टेशन जैसे बड़गाम रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इस दौरान यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने मंडल अधिकारियों के साथ भविष्य की रेल परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अंजी खड्ड पुल और चेनाब ब्रिज जैसे प्रतिष्ठित ढांचों के रखरखाव एवं परिचालन प्रोटोकॉल की जांच कर सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

इसके अलावा महाप्रबंधक ने अनंतनाग गुड्स टर्मिनल का भी निरीक्षण किया, जो कश्मीर घाटी में माल ढुलाई के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। उन्होंने माल परिवहन की संभावनाओं और टर्मिनल की कार्यक्षमता पर भी अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

महाप्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शेष सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा परिचालन में सुरक्षा मानकों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना कश्मीर घाटी को शेष भारत के साथ सीधे रेल संपर्क से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

महाप्रबंधक ने दोहराया कि उत्तर रेलवे इस क्षेत्र में सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर रेल सेवाएं प्रदान करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।