खराब मौसम के बीच भी मां वैष्णो देवी यात्रा जारी,हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित, अन्य सुविधाएं सामान्य

खराब मौसम के बीच भी मां वैष्णो देवी यात्रा जारी

हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित, अन्य सुविधाएं सामान्य

कटड़ा। त्रिकूट पर्वत क्षेत्र में लगातार बदलते मौसम और रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारु रूप से जारी है। खराब मौसम के बीच भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ कटड़ा से भवन की ओर रवाना होती रही।

सोमवार तड़के कटड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश और ठंडी हवाओं के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन श्रद्धालु बरसाती और गर्म कपड़े पहनकर यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ते रहे।

खराब मौसम और बादलों के कारण कटड़ा से संचालित हेलीकॉप्टर सेवा दिनभर रुक-रुक कर प्रभावित रही, जिससे यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। हालांकि बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। यात्रा मार्ग के सभी रास्ते खुले रहे।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए श्राइन बोर्ड, प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ द्वारा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। यात्रा मार्गों पर आपदा प्रबंधन दल तैनात किए गए हैं और श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

श्राइन बोर्ड के अनुसार 29 मार्च को 47,400 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि 30 मार्च को दोपहर 2 बजे तक करीब 22,500 श्रद्धालु पंजीकरण कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है।