इज्जतनगर मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक व हिन्दी संगोष्ठी आयोजित

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सभाकक्ष में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति, इज्जतनगर की वित्तीय वर्ष 2025-26 की तिमाही समीक्षा बैठक एवं हिन्दी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने की।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता�सुरेश बाबू मिश्र, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज, बरेली ने हिन्दी साहित्य में नव-संवत्सर विषय पर ज्ञानवर्धक व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि भारतीय नव-संवत्सर की काल गणना सूर्य और चंद्रमा दोनों की गतियों पर आधारित है, इसलिए इसे सबसे प्रमाणिक और शुद्ध माना जाता है। उन्होंने कहा कि नव-संवत्सर का प्रारंभ राजा वीर विक्रमादित्य ने चैत शुक्ल प्रतिपदा के दिन ईसा से 57-58 वर्ष पूर्व किया था, जिसे विक्रम संवत के नाम से जाना जाता है।

उन्होंने पुराणों का उल्लेख करते हुए कहा कि सृष्टि का शुभारंभ भी ब्रह्मा जी द्वारा चैत शुक्ल प्रतिपदा के दिन ही किया गया था, इसी कारण विक्रम संवत की शुरुआत इसी दिन से मानी जाती है। उन्होंने शुभ-अशुभ कार्यों की परंपरा पर भी विस्तार से चर्चा की तथा बताया कि मानव में रुचि और आनंद बढ़ाने के लिए संगीत, कला और साहित्य की रचना की गई, जिससे समाज में खुशहाली का भाव विकसित हुआ।

कार्यक्रम में अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, इज्जतनगर डॉ. यू.एस. नाग ने मुख्य अतिथि एवं अन्य आगंतुकों का स्वागत किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि मंडल में हिन्दी के प्रयोग-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाए और जहां अंग्रेजी का प्रयोग हो रहा है वहां हिन्दी या द्विभाषीय प्रयोग सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों को प्रयास करना चाहिए कि वे अच्छी हिन्दी सीखें और दैनिक कार्यों में उसका अधिकाधिक उपयोग करें।

इस बैठक एवं संगोष्ठी में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक डॉ. रत्नेश कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य)सतेन्द्र कुमार यादव, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक ओ.पी. मीना, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (समाडि)शुभम कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर प्रवेश कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) राजकुमार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ट्रेन सेट)नवीन शर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विपिन कुमार यादव, मंडल वाणिज्य प्रबंधक रिकिता, मंडल विद्युत इंजीनियर ओमकार, मंडल यांत्रिक इंजीनियर मनीष वर्मा सहित अन्य अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन सहायक कार्मिक अधिकारी शिशु ओम दीक्षित ने किया।

यह जानकारी संजीव शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर द्वारा दी गई।