शिवा पटेल हत्या कांडतीन आरोपी गिरफ्तार चाकू बरामद

बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र में हुए शिवा पटेल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।यह घटना 27 मार्च की है, जब अशोक विहार कॉलोनी निवासी केहरी सिंह ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके पुत्र शिवा पटेल की गौरव, पारस और रचित शर्मा समेत अन्य साथियों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। सूचना के आधार पर थाना इज्जतनगर में मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।पुलिस को 29 मार्च को मुखबिर से अहम सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने डेलापीर से विलयधाम पुल के पास हाईवे किनारे से तीनों आरोपियों?गौरव (20 वर्ष), पारस (19 वर्ष) और रचित शर्मा (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में मुख्य आरोपी गौरव ने बताया कि घटना वाले दिन शिवा पटेल से गाली-गलौज हुई थी। इसके बाद उसने अपने साथियों को बुलाकर शिवा को घर से बुलवाया। विवाद बढ़ने पर साथियों ने उसे पकड़ लिया और गौरव ने चाकू से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे और चाकू को बग्गा ग्राउंड में छिपा दिया था।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।