एलफिंस्टन रोड आरओबी पैनल हटाने के लिए सेंट्रल रेलवे का विशेष ट्रैफिक व पावर ब्लॉक, कई लोकल व एक्सप्रेस प्रभावित

मुंबई। सेंट्रल रेलवे, मुंबई मंडल द्वारा परेल और करी रोड स्टेशनों के बीच एलफिंस्टन रोड रोड ओवर ब्रिज (ROB) के पैनल हटाने का कार्य किया जाएगा। इस कार्य के लिए रेलवे प्रशासन ने 31 मार्च/01 अप्रैल 2026, 01/02 अप्रैल 2026 एवं 02/03 अप्रैल 2026 की मध्यरात्रि में विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक घोषित किया है। रेलवे के अनुसार यह कार्य संरक्षा एवं बुनियादी ढांचे के रखरखाव के लिए अत्यंत आवश्यक है।

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह ब्लॉक बायकुला (क्रॉसओवर को छोड़कर) से दादर (प्लेटफॉर्म को छोड़कर) के बीच अप एवं डाउन स्लो और फास्ट लाइनों पर लागू रहेगा। यह ब्लॉक तीन रातों तक रात्रि 00:30 बजे से सुबह 04:30 बजे तक प्रभावी रहेगा।

रेलवे ने बताया कि 31 मार्च/01 अप्रैल 2026 की रात को अप और डाउन स्लो व फास्ट लाइन पर ब्लॉक रहेगा। वहीं 01/02 अप्रैल 2026 की रात को अप स्लो लाइन तथा डाउन स्लो व फास्ट लाइन पर ब्लॉक लागू रहेगा। इसी प्रकार 02/03 अप्रैल 2026 की रात को भी अप स्लो लाइन तथा डाउन स्लो व फास्ट लाइन पर ब्लॉक रहेगा।

इस ब्लॉक के चलते कुछ उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित होंगी। रेलवे के अनुसार 31 मार्च की रात 23:50 बजे से 01 अप्रैल की रात 00:51 बजे तक कुर्ला से रवाना होने वाली अप उपनगरीय सेवाओं को माटुंगा और बायकुला के बीच अप फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। इन ट्रेनों का करी रोड और चिंचपोकली स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा। इसके बाद बायकुला स्टेशन पर इन्हें पुनः अप स्लो लाइन पर भेजा जाएगा। इसी रात बदलापुर-परेल लोकल, जो बदलापुर से 22:40 बजे रवाना होगी, उसे कुर्ला स्टेशन पर ही समाप्त किया जाएगा। वहीं CSMT-कसारा लोकल, जो 01 अप्रैल को सुबह 04:19 बजे CSMT से रवाना होगी, उसे बायकुला स्टेशन पर 3 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा।

मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी असर पड़ेगा। रेलवे ने बताया कि 12810 हावड़ा-CSMT मेल और 12134 मंगलुरु-CSMT एक्सप्रेस को दादर स्टेशन पर 20 से 25 मिनट तक रेगुलेट किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार 01/02 अप्रैल 2026 की रात भी 12810 हावड़ा-CSMT मेल एवं 12134 मंगलुरु-CSMT एक्सप्रेस को दादर स्टेशन पर 20 से 25 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा 11020 भुवनेश्वर न्यू-CSMT कोणार्क एक्सप्रेस को माटुंगा और बायकुला के बीच डायवर्ट किया जाएगा तथा इसे दादर स्टेशन पर डबल हॉल्ट दिया जाएगा।

वहीं 02/03 अप्रैल 2026 की रात 11020 कोणार्क एक्सप्रेस, 12810 हावड़ा मेल और 12134 मंगलुरु एक्सप्रेस को भी माटुंगा और बायकुला के बीच डायवर्ट किया जाएगा तथा इन्हें दादर स्टेशन पर डबल हॉल्ट दिया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ये ब्लॉक कार्य रेलवे संरचना की सुरक्षा एवं रखरखाव के लिए आवश्यक हैं, इसलिए यात्रियों से अनुरोध है कि असुविधा के लिए सहयोग करें।