एल्फिंस्टन रोड आरओबी के पैनल हटाने के लिए 30/31 मार्च की रात मेगा ब्लॉक, कई लोकल ट्रेनें रद्द व प्रभावित

मुंबई। सेंट्रल रेलवे के मुंबई मंडल द्वारा परेल और करी रोड स्टेशनों के बीच एल्फिंस्टन रोड रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के पैनल हटाने (डिस्मेंटलिंग) के लिए 30/31 मार्च 2026 की मध्यरात्रि से मंगलवार सुबह तक विशेष ट्रैफिक व पावर ब्लॉक लिया जाएगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार यह कार्य संरक्षा एवं इंफ्रास्ट्रक्चर रखरखाव के लिए आवश्यक है, लेकिन इस दौरान उपनगरीय लोकल सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

रेलवे के अनुसार ब्लॉक की अवधि 30 मार्च 2026 की रात 23:40 बजे से 31 मार्च 2026 की सुबह 03:40 बजे तक रहेगी। यह ब्लॉक बायकुला से दादर के बीच अप और डाउन स्लो एवं फास्ट लाइन पर लागू रहेगा।

कई लोकल ट्रेनें रहेंगी रद्द

इस ब्लॉक के कारण सीएसएमटी-कुर्ला लोकल जो 30 मार्च को 23:23, 23:34 और 23:58 बजे रवाना होती हैं तथा 31 मार्च को 00:05 बजे चलने वाली लोकल रद्द रहेगी। इसके अलावा सीएसएमटी-ठाणे लोकल 30 मार्च को 23:46 बजे और 31 मार्च को 00:24 बजे प्रस्थान करने वाली ट्रेनें भी रद्द रहेंगी।

वहीं सीएसएमटी-अंबरनाथ लोकल जो 31 मार्च को 00:02 बजे चलती है, उसे भी रद्द किया गया है। इसके साथ ही अंबरनाथ-सीएसएमटी लोकल जो 30 मार्च को 22:15 बजे अंबरनाथ से चलती है तथा ठाणे-सीएसएमटी लोकल जो 31 मार्च को 04:04 बजे ठाणे से चलती है, वे भी रद्द रहेंगी।

कुछ ट्रेनें बीच रास्ते में ही समाप्त होंगी

ब्लॉक के चलते 30 मार्च को चलने वाली कुछ लोकल सेवाएं अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचेंगी और उन्हें बीच में ही समाप्त किया जाएगा।

डोंबिवली-सीएसएमटी लोकल (22:00 व 22:18), कल्याण-सीएसएमटी लोकल (22:26), खोपोली-सीएसएमटी लोकल (22:15) और बदलापुर-परेल लोकल (22:40) को कुर्ला स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा।

इसी प्रकार कल्याण-सीएसएमटी लोकल जो 21:59 बजे कल्याण से रवाना होगी, उसे ठाणे स्टेशन पर ही समाप्त किया जाएगा।

इसके अलावा कासारा-सीएसएमटी लोकल (22:00) और बदलापुर-सीएसएमटी लोकल (23:29) को दादर स्टेशन पर ही समाप्त किया जाएगा।

कुछ लोकल ट्रेनें बदले स्टेशन से चलेंगी

रेलवे के अनुसार सीएसएमटी-करजत लोकल जो 31 मार्च को 00:12 बजे सीएसएमटी से चलने वाली थी, वह अब दादर स्टेशन से 00:30 बजे रवाना होगी।

कुछ सेवाएं फास्ट लाइन से डायवर्ट

रेलवे ने बताया कि 30 मार्च की रात 23:30 बजे से 31 मार्च की रात 00:08 बजे तक सीएसएमटी से रवाना होने वाली डाउन स्लो लाइन की सेवाओं को बायकुला से दादर के बीच डाउन फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। इस दौरान ये ट्रेनें चिंचपोकली और करी रोड स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी। इसके बाद ट्रेनें माटुंगा स्टेशन पर पुनः डाउन स्लो लाइन पर लाई जाएंगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले लोकल ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेकर ही स्टेशन पहुंचे। रेलवे ने कहा कि यह ब्लॉक यात्री सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार के लिए जरूरी है, इसलिए यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।