लूनी जंक्शन पर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी का निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा

जोधपुर। जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनुराग त्रिपाठी ने सोमवार को लूनी जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य स्टेशन पर साफ-सफाई, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाना रहा।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल सुविधा, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म की स्थिति तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित रहें। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए नियमित निरीक्षण एवं सुधार कार्य आवश्यक हैं।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर फीडबैक भी लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इस अवसर पर मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी भी उपस्थित रहे।