जोधपुर-मऊ ट्रेन अब ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’, नियमित नंबरों के साथ होगी संचालित

जोधपुर-मऊ ट्रेन अब ?अमृत भारत एक्सप्रेस?, नियमित नंबरों के साथ होगी संचालित

जोधपुर। यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त रेल सेवा प्रदान करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जोधपुर मंडल ने जोधपुर-मऊ साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अपग्रेड कर अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही यह ट्रेन अब स्पेशल की बजाय नियमित नंबरों 14809/14810 के साथ संचालित होगी। यह राजस्थान से चलने वाली दूसरी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन होगी।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुसार ट्रेन संख्या 04823/04824 जोधपुर-मऊ स्पेशल को अब स्थायी रूप से नियमित सेवा में शामिल किया जा रहा है। नई सेवा अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अमृत भारत एक्सप्रेस रेक से संचालित होगी, जिसकी शुरुआत तिथि जल्द घोषित की जाएगी।

समय सारिणी

ट्रेन संख्या 14809 जोधपुर-मऊ अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार शाम 5 बजे जोधपुर से रवाना होकर सोमवार रात 11:20 बजे मऊ पहुंचेगी।

वहीं, 14810 मऊ-जोधपुर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार सुबह 4 बजे मऊ से चलकर बुधवार सुबह 8 बजे जोधपुर पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर ठहराव

यह ट्रेन पीपाड़ रोड, गोटन, मेड़ता रोड, रेन, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावा सिटी, फुलेरा, जयपुर, गांधी नगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेरली, नदबई, मथुरा जंक्शन, भरतपुर, हाथरस सिटी, कासगंज जंक्शन, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, अयोध्या, अयोध्या कैंट, शाहगंज, खोरासन रोड, आजमगढ़ और मुहम्मदाबाद सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि इस फैसले से यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। साथ ही, नियमित सेवा शुरू होने से यात्रा अधिक विश्वसनीय बनेगी और राजस्थान से पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।