अलीगढ़ के फिरदौस नगर में मकान में लगी भीषण आग, तीन सिलेंडर फटे; दो लोग झुलसे

अलीगढ़ के फिरदौस नगर में मकान में लगी भीषण आग, तीन सिलेंडर फटे; दो लोग झुलसे

अलीगढ़।थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत फिरदौस नगर में सोमवार देर रात एक मकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के दौरान घर में रखे सिलेंडर भी फट गए, जिससे आग और तेजी से फैलने लगी। घटना 30 मार्च 2026 की रात करीब 01:28 बजे की बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही फायर सर्विस पुलिस लाइन और फायर स्टेशन बन्नादेवी से फायर सर्विस अधिकारी (एफएसओ) के नेतृत्व में दमकल की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं। इसके साथ ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार अलीगढ़ भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

दमकल टीमों के मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि एक मकान की दूसरी मंजिल पर स्थित किचन और घर के अन्य हिस्सों में आग लगी हुई थी। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सूझबूझ और तेजी से आग पर काबू पाया। फायर टीमों ने आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोककर बड़ी जनधन हानि होने से बचा लिया।

आग बुझाने के बाद मौके पर जांच में तीन गैस सिलेंडर फटे हुए पाए गए। घटना में दो व्यक्ति झुलस गए, जिन्हें नागरिकों और पुलिस के सहयोग से अस्पताल भिजवा दिया गया। मौके पर पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

दमकल विभाग के अनुसार इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।