अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर फायर मॉक ड्रिल का आयोजन, अग्नि सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर फायर मॉक ड्रिल का आयोजन, अग्नि सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

अलीगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के निर्देशानुसार 25 मार्च 2026 को रेलवे स्टेशन अलीगढ़ पर फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान अग्नि सुरक्षा एवं बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां देकर अधिकारियों और कर्मचारियों को जागरूक किया गया।

यह मॉक ड्रिल सहायक सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) अलीगढ़ गुलजार सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक (जीआरपी) संदीप तोमर और अग्निशमन अधिकारी बन्नादेवी के नेतृत्व में फायर सर्विस यूनिट द्वारा आयोजित की गई। इस अभियान में रेलवे विभाग के अधिकारी और स्टाफ भी शामिल रहे।

ड्रिल के दौरान आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों, त्वरित प्रतिक्रिया और आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने रेलवे कर्मियों को अग्नि सुरक्षा उपकरणों को हमेशा कार्यशील रखने और नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए विद्युत वायरिंग का ऑडिट कराने और अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने की सलाह दी गई। बताया गया कि पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार कार्य करने से आकस्मिक परिस्थितियों में समय रहते आग पर काबू पाया जा सकता है।

इस फायर मॉक ड्रिल की रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने सराहना करते हुए इसे सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी बताया।