महिलाओं के लिए स्वरोजगार का सुनहरा अवसर : महिला प्रधान क्षेत्रीय बचत अभिकर्ता एवं अधिकृत अभिकर्ता बनें*

निवेश पर आकर्षक लाभ, आयकर छूट और सरकारी सुरक्षा की गारंटी

अलीगढ़ 22 मार्च 2026 (सू0वि0) : वर्तमान आर्थिक परिदृश्य में सुरक्षित एवं जोखिमरहित निवेश के विकल्प के रूप में भारत सरकार की राष्ट्रीय बचत योजनाएं आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही हैं। जिला बचत कार्यालय, राष्ट्रीय बचत योजना के अंतर्गत अधिकृत अभिकर्ताओं के माध्यम से बचत योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

जिला बचत अधिकारी पीयूष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला प्रधान क्षेत्रीय बचत अभिकर्ता (MPKBY) एवं अधिकृत अभिकर्ता (SAS) के माध्यम से विभिन्न बचत योजनाओं में खाते खोले जाते हैं। महिला एजेंट्स आवर्ती जमा खाते खोलने के लिए अधिकृत हैं और उन्हें जमा धनराशि पर 4 प्रतिशत कमीशन देय होता है। वहीं अधिकृत एजेंट्स महिला एवं पुरुष दोनों बन सकते हैं और वे विभिन्न राष्ट्रीय बचत योजनाओं में खाते खोल सकते हैं, जिन पर उन्हें 0.5 प्रतिशत कमीशन प्राप्त होता है। महिला अभिकर्ता एवं अधिकृत अभिकर्ता के लिए पात्रता एवं शर्तें समान निर्धारित की गई हैं। आवेदक को अलीगढ़ का मूल निवासी होना, न्यूनतम आयु 21 वर्ष, हाईस्कूल उत्तीर्ण होना और स्वयं के नाम निजी संपत्ति होना अनिवार्य है। यदि निजी संपत्ति नहीं है तो दो व्यक्तियों की संपत्ति की जमानत आवश्यक होगी। उल्लेखनीय है कि महिला प्रधान क्षेत्रीय बचत अभिकर्ता का पद केवल महिलाओं के लिए आरक्षित है, जिससे महिलाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बाजार की अस्थिरता के बीच भारत सरकार की बचत योजनाओं में निवेश पूर्णतः सुरक्षित है। डाकघर की योजनाओं में निवेशित धनराशि शत-प्रतिशत सुरक्षित रहती है, जबकि बैंकों में केवल 5 लाख रुपये तक की धनराशि बीमित होती है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बचत योजनाओं के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिक बचत योजना सेवानिवृत्त व्यक्तियों को सुरक्षित निवेश का सशक्त माध्यम प्रदान करती है। मासिक आय योजना निवेशकों को प्रतिमाह पेंशन जैसा लाभ देती है। किसान विकास पत्र में निवेशित धनराशि निर्धारित अवधि में दोगुनी होने की गारंटी प्रदान करती है।

राष्ट्रीय बचत पत्र योजना में निवेश की कोई अधिकतम सीमा नहीं है और यह आयकर छूट के साथ सुरक्षित फिक्स्ड डिपॉजिट का लाभ देती है। आवर्ती जमा योजना के अंतर्गत पांच वर्षों तक प्रतिमाह जमा कर अच्छा रिटर्न प्राप्त किया जा सकता है। सावधि जमा योजना में 1, 2, 3 एवं 5 वर्ष की अवधि के विकल्प उपलब्ध हैं, जिससे निवेशक अपनी सुविधा अनुसार निवेश कर सकते हैं।

लोक भविष्य निधि योजना में 15 वर्षों तक निवेश की सुविधा के साथ आयकर में छूट का लाभ मिलता है। सुकन्या समृद्धि खाता योजना बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए उच्च ब्याज दर के साथ अत्यंत लाभकारी योजना है। जिला बचत अधिकारी पीयूष कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे सुरक्षित भविष्य के लिए राष्ट्रीय बचत योजनाओं में अधिकाधिक निवेश करें और इच्छुक अभ्यर्थी अभिकर्ता बनकर स्वरोजगार के अवसर का लाभ उठाएं।