हरदोई में भीषण सड़क हादसा, ईको कार-बाइक टक्कर में तीन युवकों की मौत, दो घायल

हरदोई। जनपद के सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां ईको कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खितौली सर्विस रोड पर तेज रफ्तार ईको कार और बाइक में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार युवक दूर जा गिरे। हादसे में अंकुर, गोविंद और दीपू की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों युवक सवायजपुर थाना क्षेत्र के मंथला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
इस दुर्घटना में बाइक सवार होरीलाल और ईको कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे के सर्विस लेन पर ईको कार और बाइक में टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि ईको कार चालक समेत दो लोग घायल हुए है। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी हैं।