महिला सशक्तिकरण की दिशा में जोधपुर मंडल की सराहनीय पहल

महिला सशक्तिकरण की दिशा में जोधपुर मंडल की सराहनीय पहल

रेलवे की 55 महिला कर्मचारी रामदेवरा एवं तनोट माता दर्शन हेतु रवाना

जोधपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा एक प्रेरणादायी पहल की गई है। मंडल में कार्यरत महिला कर्मचारियों का एक दल शनिवार को जोधपुर से दो दिवसीय आध्यात्मिक भ्रमण एवं कर्मचारी शिविर के लिए रवाना हुआ।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत महिला कर्मचारियों को प्रसिद्ध तीर्थस्थल रामदेवरा एवं जैसलमेर स्थित तनोट माता मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। रेलवे प्रशासन के अनुसार यह यात्रा केवल धार्मिक भ्रमण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य महिला कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना तथा मानसिक रूप से सशक्त बनाना भी है।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी एवं महिला कल्याण संगठन की मंडल अध्यक्ष श्रीमती निष्ठा त्रिपाठी की पहल पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि जोधपुर मंडल की कुल 55 महिला कर्मचारियों को सड़क मार्ग से इस विशेष भ्रमण एवं शिविर के लिए भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि इस दो दिवसीय यात्रा के दौरान महिला कर्मचारी रामदेवरा एवं तनोट माता क्षेत्र में शिविर लगाकर आपसी संवाद करेंगी, अपने अनुभव साझा करेंगी और कार्यस्थल पर दक्षता, कार्यकुशलता, टीम भावना तथा क्षमता विकास जैसे विषयों पर विचार-विमर्श करेंगी। इस प्रकार का आयोजन महिला कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उनके भीतर नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भी सहायक साबित होगा।

कार्यक्रम के तहत महिला कर्मचारियों को लेकर रवाना की गई बस को सहायक कार्मिक अधिकारी राधेश्याम चितारा ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कल्याण निरीक्षक रामेश्वर दास एवं कैंप सचिव नेमीचंद प्रजापत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

रेलवे की यह पहल महिला कर्मचारियों को सम्मान देने, उन्हें प्रोत्साहित करने तथा कार्यस्थल पर उनकी भागीदारी को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से महिला कर्मचारियों को आत्मबल, प्रेरणा और नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।