जोधपुर-साबरमती वंदे भारत सहित 4 ट्रेनें 29 मार्च को बदले मार्ग से चलेंगी

जोधपुर। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद-पालनपुर रेलखंड पर ऑटोमेटिक सिग्नलिंग से संबंधित तकनीकी कार्य के कारण रविवार 29 मार्च को जोधपुर-साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस सहित चार ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेल संचालन को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से यह कार्य किया जा रहा है। इसके चलते कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जाएगा।

ट्रेन संख्या 12461 जोधपुर-साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस 29 मार्च को महेसाणा, कटोसन रोड एवं कलोल होकर चलेगी। ट्रेन संख्या 19223 साबरमती-जम्मूतवी एक्सप्रेस खोडियार, कलोल, कटोसन रोड एवं महेसाणा मार्ग से संचालित होगी तथा इस दौरान गांधीनगर कैपिटल स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं रहेगा। वहीं ट्रेन संख्या 19224 जम्मूतवी-साबरमती एक्सप्रेस (जो 28 मार्च को प्रस्थान करेगी) कलोल-खोडियार मार्ग से संचालित होगी और गांधीनगर कैपिटल स्टेशन पर इसका ठहराव रद्द रहेगा।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 09721 भावनगर-बीकानेर स्पेशल वीरमगाम, कटोसन रोड एवं महेसाणा होकर चलाई जाएगी। इस ट्रेन का आम्बली रोड एवं गांधीनगर कैपिटल स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे के अधिकृत ऐप या संबंधित स्टेशन से ट्रेन की नवीनतम स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।