जोधपुर मंडल में वर्ष 2026 की पहली डीआरयूसीसी बैठक संपन्न, यात्रियों की सुविधा पर हुई चर्चा

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल की रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) की वर्ष 2026 की पहली बैठक बुधवार को मंडल कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने की।

बैठक में समिति के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव सहित 11 नामित सदस्य उपस्थित रहे। इनमें पब्बाराम बिश्नोई (विधायक, फलौदी), अर्जुन लाल (विधायक), राजेंद्र चौधरी (सांसद प्रतिनिधि), गणपत सालेचा, बृजमोहन पुरोहित, महावीर चोपड़ा, मुकेश खत्री, मीना बडरिया, गौरव अग्रवाल, ब्रह्मदेव शर्मा एवं जुगल किशोर शामिल थे।

बैठक की शुरुआत में हितेश यादव ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए समिति की कार्यप्रणाली एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। इसके बाद अनुराग त्रिपाठी ने सदस्यों से रेल उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए रचनात्मक सुझाव देने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि जोधपुर मंडल में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जिनके माध्यम से रेलवे अधोसंरचना और यात्री सुविधाओं में व्यापक सुधार किया जा रहा है। इनमें जैसलमेर, बाड़मेर और पाली रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास प्रमुख है। इसके अलावा विभिन्न स्टेशनों पर लिफ्ट एवं एस्केलेटर की स्थापना, प्लेटफॉर्म को हाई लेवल करना, सीसीटीवी कैमरे लगाना, नई ट्रेनों का संचालन और विस्तार, रेलवे फाटकों पर अंडरपास एवं पुलिया निर्माण, फुटओवर ब्रिज तथा कोच इंडिकेशन सिस्टम जैसे कार्य भी जारी हैं।

बैठक में डीआरयूसीसी सदस्यों ने रेलवे द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें रेलवे की खाली पड़ी भूमि का वाणिज्यिक उपयोग, प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव में वृद्धि, ट्रेनों में कोच संख्या बढ़ाना और व्यापारिक सुविधाओं का विस्तार शामिल रहा।

रेल प्रशासन ने सदस्यों को आश्वस्त किया कि उनके सुझावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.आर. बुनकर, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर मनोहर सिंह, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर अनुपम कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अमित स्वामी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।