उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज का राष्ट्रीय मंच पर जलवा, हिन्दी परिषद के अखिल भारतीय पुरस्कारों में छाया दबदबा

प्रयागराज। केन्द्रीय सचिवालय हिन्दी परिषद द्वारा आयोजित अखिल भारतीय वार्षिक पुरस्कार समारोह में उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। इस प्रतिष्ठित आयोजन में मुख्यालय और मंडल दोनों स्तर पर कई अहम पुरस्कार जीतकर रेलवे ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ी।

नई दिल्ली के केन्द्रीय जल आयोग के नवनिर्मित पुस्तकालय भवन सभागार में आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता अतुल जैन ने की। कार्यक्रम में देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच प्रयागराज मुख्यालय शाखा ने शानदार प्रदर्शन किया।

अखिल भारतीय निबंध प्रतियोगिता में अनूप कुमार बनर्जी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि टिप्पण प्रतियोगिता में प्रवीण नेवालकर ने बाजी मारी। हिन्दी के प्रचार-प्रसार में योगदान के लिए चन्द को ?हिन्दी सेवी पुरस्कार? से सम्मानित किया गया। वहीं शशि भूषण प्रसाद को ?शाखा सक्रियता पुरस्कार? प्रदान किया गया। इंश्योरेंस शाखा प्रयागराज को भी सांत्वना पुरस्कार मिला।

समारोह में अमिताभ खरे, रामनरेश तिवारी पिण्डीवासा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

नई दिल्ली से सम्मानित होकर लौटे विजेताओं का प्रयागराज में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान रमेश चन्द गौतम, सुरेन्द्र तिवारी, सुदीप कुमार, सतीश कुमार पटेल और सुनील त्रिपाठी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस उपलब्धि पर उत्तर मध्य रेलवे के पदाधिकारियों ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार और राजभाषा के प्रति समर्पण का परिणाम है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिनिधियों ने हिन्दी को और अधिक बढ़ावा देने का संकल्प लिया।