हरदोई में ट्रिपल मर्डर केस का खुलासा, मुठभेड़ में दो आरोपी घायल, तीन गिरफ्तार

हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के ढोलिया गांव में हुए तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को शिवम और अमन निवासी ढोलिया द्वारा बुलेरो पिकअप से हुए एक सड़क हादसे में 70 वर्षीय भारत पांडेय उर्फ देवीसहाय की मौत हो गई थी। इस घटना से आक्रोशित मृतक के पुत्रों अनूप, अतुल, नीरज और श्याम ने शिवम और अमन के साथ मारपीट की, जिससे दोनों की मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मौके का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया। इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ जोन किरण एस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खुलासे के निर्देश दिए थे।
रात में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मझिला पुल के पास घेराबंदी की। इस दौरान बाइक सवार आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अनूप और अतुल के पैर में गोली लगी, जबकि नीरज को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के पास से 315 बोर और 12 बोर के तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पिता की मौत से आक्रोशित होकर उन्होंने शिवम और अमन की पिटाई की थी। जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।