हरदोई में ट्रिपल मर्डर से दहशत, हादसे के बाद मारपीट में तीन की मौत, एएसपी के नेतृत्व में गिरफ्तारी के लिए लगी चार टीमें

हरदोई। जनपद के सुरसा थाना क्षेत्र के ढोलिया गांव में हुई तिहरी हत्या की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। प्रारंभिक तौर पर इसे पिकअप से कुचलकर हत्या बताया जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि यह मामला सड़क हादसे के बाद हुई हिंसक झड़प का है, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। एसपी ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पीआरवी को सूचना मिली थी कि गांव में दो लोगों की मौत हो गई है। जांच में पता चला कि करीब 30 वर्षीय शिवम कहार द्वारा पिकअप से एक दुर्घटना हुई, जिसमें 70 वर्षीय देवीसहाय पाण्डेय की मृत्यु हो गई। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने आक्रोश में आकर शिवम और अमन के साथ मारपीट की। इस दौरान शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अमन को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।
मृतकों के परिजनों के अनुसार घटना बेहद दुखद और अचानक हुई। पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में दोनों पक्षों के बीच कोई पुरानी रंजिश सामने नहीं आई है और यह घटना अचानक हुए विवाद का परिणाम है।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को लगाया गया है। चार टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।