राजस्थान में फिर बम की धमकियों से हड़कंप, श्रीगंगानगर समेत कई जिले अलर्ट पर

श्रीगंगानगर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकियों ने प्रशासन और आमजन में दहशत का माहौल बना दिया है। ताजा मामला श्रीगंगानगर का है जहां मुख्य डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली।

धमकी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और एहतियातन पूरे परिसर को खाली करवा दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की मदद से संघन तलाशी अभियान चलाया हालांकि खबर लिखे जाने तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।

पहले भी मिल चुकी है धमकी....

गौरतलब है कि 10 मार्च को भी इसी डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके अलावा हाल ही में जिला न्यायालय परिसर में भी इसी तरह की सूचना के बाद पुलिस बल तैनात किया गया था। बार-बार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसी तरह राजस्थान के हनुमानगढ़ व पाली जिले में भी पोस्ट ऑफिस को बम से उडाने की दूसरी बार ई-मेल के जरिये धमकियां मिली है। बम से उडाने की धमकियों के मधेनजर नजर पुलिस और खुफिया एजेंसियों सहित संबधित विभाग मुस्तेदी से काम कर रही है।

बम की धमकियों के बाद पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए जांच तेज कर दी है।
साइबर सेल जांच में जुटी
तीनों मामलों में पुलिस और साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में इसे शरारती तत्वों की करतूत भी माना जा रहा है लेकिन किसी बड़े नेटवर्क की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा।

प्रशासन की अपील....

अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

बड़ा सवाल....

लगातार मिल रही इन धमकियों के पीछे आखिर कौन है? क्या यह सिर्फ दहशत फैलाने की कोशिश है या कोई संगठित साजिश?इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।