बाइक और साइकिल की टक्कर में घायल व्यक्ति की मौत, पत्नी ने बाइक चालक पर लगाया हत्या का आरोप

श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर में एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने बाइक चालक पर हत्या का आरोप लगाया है।

विमला पत्नी बलजिंदर सिंह ने पुलिस स्टेशन श्रीकरणपुर में परिवाद देकर आरोप लगाया कि गांव खरलां में रहने वाला काला सिंह पुत्र गोविंद सिंह अपने ही गांव के बलजिंदर सिंह के साथ रंजिश रखता था। काला सिंह आए दिन बलजिंदर सिंह को धमकी देता था कि तुम्हारी कृषि भूमि मुझे ठेके पर दे दो अगर किसी और को दी तो उसका अंजाम बुरा होगा।
23 मार्च को शाम 6:30 बजे बलजिंदर सिंह साइकिल पर अपने खेत से घर आ रहा था तभी काला सिंह मोटरसाइकिल पर आया और पीछे से साइकिल में जोरदार टक्कर मारकर फरार हो गया। गंभीर चोटें आने से बलजिंदर सिंह को श्री गंगानगर जन सेवा अस्पताल ले जाया गया जहां करीब 4 घंटे भर्ती रहने के बाद डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। अस्पताल से श्रीकरणपुर वापस आते समय रास्ते में बलजिंदर सिंह की मौत हो गई।
मृतक की पत्नी और परिजनों ने ग्रामीणों सहित श्रीकरणपुर पुलिस थाने के आगे धरना लगा दिया और काला सिंह को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे जिस पर CO पुष्पेंद्र सिंह, CI रजीराम व SI माला सिंह ने मृतक बलजिंदर सिंह के परिजनों से समझाईश करते हुये कहा कि मृतक बलजिंदर सिंह की पत्नि विमला द्वारा पहले दिये गये परिवाद पर पुलिस ने BNS की धारा 103(1) हत्या के मामले में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।