पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से संपर्क रखने वाला युवक गिरफ्तार, श्रीगंगानगर पुलिस की कार्रवाई

श्रीगंगानगर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के आतंकी शहजाद भट्टी से संपर्क रखने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक का नाम आकाशदीप पुत्र पिरा सिंह है जिसकी उम्र 20 साल है और वह गांव 12H मोहलां पुलिस थाना केसरीसिंहपुर का निवासी है।

श्रीगंगानगर के जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता रखी जा रही है क्योंकि श्रीगंगानगर भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित होने के कारण संवेदनशील है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आकाशदीप बदमाश प्रवृत्ति का व्यक्ति है और वह गांव में कुछ लोगों को पाकिस्तानी आतंकवादियों से संपर्क होना बताकर धमकी देता है।

जांच में पाया गया कि आकाशदीप पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के साथ इंस्टाग्राम और वाट्सऐप पर बातचीत करता है और इंस्टाग्राम के माध्यम से पाकिस्तान के लोगों से वॉईस चैट करता है। इसके अलावा वह +92 के नंबरों पर भी कुछ जानकारियां साझा कर रखी हैं। आकाशदीप के खिलाफ पुलिस थाना लालगढ़ जाटान में मुकदमा नंबर 61/26 धारा 152 BNS 2023 दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है और पुलिस का कहना है कि आकाशदीप का यह कृत्य भारत की आंतरिक सुरक्षा, संप्रभुता, एकता और अखण्डता के लिए खतरा पैदा करता है। पुलिस ने आकाशदीप को गिरफ्तार कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।