नागपुर मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की प्रथम तिमाही बैठक संपन्न, हिंदी के अधिकाधिक उपयोग पर जोर

नागपुर मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की प्रथम तिमाही बैठक संपन्न, हिंदी के अधिकाधिक उपयोग पर जोर

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रचार-प्रसार को लेकर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की वर्ष 2026 की प्रथम तिमाही बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने की। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी राजेश चिखले सहित विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन समिति के सचिव एवं राजभाषा अधिकारी गौतम श्रीवास्तव द्वारा किया गया। बैठक के प्रथम चरण में अक्टूबर से दिसंबर 2025 की तिमाही के दौरान राजभाषा हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मंडल के दो कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मंडल के दो उत्कृष्ट अंशकालिक हिंदी सचिवों को भी पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

द्वितीय चरण में मंडल की ई-पत्रिका ?समर्पण? के छठे अंक का डिजिटल विमोचन मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के करकमलों द्वारा किया गया। अधिकारियों ने इसे राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

बैठक के तृतीय चरण में 31 दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही की राजभाषा प्रगति से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा एवं समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश चिखले ने अध्यक्ष और सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि नागपुर मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता है तथा अधिक से अधिक कार्य हिंदी में ही किए जाने चाहिए।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने राजभाषा नियम 1976 के प्रभावी अनुपालन पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शाखाधिकारियों द्वारा धारा 3(3) के अंतर्गत दस्तावेजों को हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषी रूप में जारी किए जाने की सराहना की और इसे आगे भी जारी रखने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि आम जनता से संबंधित सभी सूचनाएं राजभाषा नियमों के अनुरूप ही जारी की जाएं।

बैठक के चतुर्थ चरण में वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (चल स्टॉक एवं सामान्य) द्वारा अपने विभाग की प्रस्तुति राजभाषा हिंदी में प्रस्तुत की गई, जिसे उपस्थित अधिकारियों ने सराहनीय बताया।

अंत में समिति के सचिव एवं राजभाषा अधिकारी गौतम श्रीवास्तव ने सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक की अनुमति से बैठक का समापन किया गया।