नागपुर मंडल की बड़ी उपलब्धि: सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग ने एक माह में पूरा किया महत्वपूर्ण कार्य

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग ने मार्च 2026 में आत्मनिर्भरता और कौशल विकास की दिशा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विभाग ने कटांगी स्टेशन पर बीके-64 समपार गेट को हटाने से जुड़े सिग्नलिंग संशोधन कार्य को सफलतापूर्वक पूरा कर एक नई मिसाल पेश की है।

यह कार्य महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश, मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता एवं प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री जी.पी. खुटे के मार्गदर्शन में डिज़ाइन प्रोजेक्ट टीम और मुख्यालय के सहयोग से संपन्न हुआ। सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों और अनुमोदनों का पालन करते हुए कार्य को उच्च तकनीकी दक्षता के साथ अंजाम दिया गया।

खास बात यह रही कि इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को मात्र एक महीने में पूरा कर लिया गया, जो टीम के बेहतर समन्वय, योजना और कार्यकुशलता को दर्शाता है। विभाग के इंजीनियरों और कर्मचारियों ने टीमवर्क और नवाचार के जरिए इस चुनौतीपूर्ण कार्य को सफल बनाया।

रेलवे अधिकारियों ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास न केवल बाहरी निर्भरता को कम करते हैं, बल्कि कर्मचारियों के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देते हैं। यह पहल भविष्य में रेलवे को और अधिक सक्षम और आधुनिक बनाने में सहायक साबित होगी।