अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश चिखले ने इतवारी-छिंदवाड़ा-जबलपुर रेलखंड का किया निरीक्षण

अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश चिखले ने इतवारी-छिंदवाड़ा-जबलपुर रेलखंड का किया निरीक्षण

परिचालन व्यवस्था, क्रू प्रबंधन और यात्री सुविधाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश चिखले ने 26 मार्च को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी?छिंदवाड़ा?जबलपुर रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलखंड की परिचालन व्यवस्था, सुरक्षा मानकों, क्रू प्रबंधन और यात्री सुविधाओं की गहन समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चिखले सुबह 7 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्टेशन से विशेष निरीक्षण यान द्वारा छिंदवाड़ा के लिए रवाना हुए और सुबह 10 बजे छिंदवाड़ा पहुंचे। वहां उन्होंने क्रू लॉबी का निरीक्षण कर क्रू बुकिंग प्रणाली, ड्यूटी प्रबंधन और सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की। इसके बाद उन्होंने रनिंग रूम और गुड्स शेड का निरीक्षण कर कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और भोजन व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक ने सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और तकनीकी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आवश्यक सुधार के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

इसके पश्चात चिखले दोपहर 12 बजे छिंदवाड़ा से जबलपुर के ग्वारीघाट के लिए रवाना हुए और अपराह्न 3 बजे पहुंचे। जबलपुर में उन्होंने क्रू लॉबी और रनिंग रूम का निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों को उपलब्ध सुविधाओं का मूल्यांकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्मचारियों की सुविधा और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए सभी आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि रेल संचालन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल अभियंता (परिचालन), वरिष्ठ मंडल अभियंता विद्युत (सा.), वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अधिकारी, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा बल अधिकारी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इस निरीक्षण दौरे से परिचालन व्यवस्था को और मजबूत बनाने, कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों में सुधार लाने तथा यात्री सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।