मध्य रेलवे मुंबई मंडल में 29 मार्च को मेगा ब्लॉक, कई लोकल ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

मध्य रेलवे मुंबई मंडल में 29 मार्च को मेगा ब्लॉक, कई लोकल ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

माटुंगा-मुलुंड स्लो लाइन बंद, ट्रांस-हार्बर लाइन पर सेवाएं रहेंगी स्थगित

मुंबई। मध्य रेलवे के मुंबई मंडल द्वारा 29 मार्च 2026 (रविवार) को उपनगरीय रेलखंडों पर इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान मुख्य लाइन और ट्रांस-हार्बर लाइन की लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील की है।

रेलवे के अनुसार मुख्य लाइन पर माटुंगा से मुलुंड के बीच अप और डाउन स्लो लाइन पर सुबह 11:05 बजे से दोपहर 3:55 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस अवधि में डाउन स्लो लाइन की लोकल सेवाएं जो सीएसएमटी मुंबई से सुबह 10:14 बजे से दोपहर 3:32 बजे तक रवाना होंगी, उन्हें माटुंगा और मुलुंड के बीच डाउन फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये ट्रेनें सायन, कुर्ला, घाटकोपर, विक्रोली, भांडुप और मुलुंड स्टेशनों पर ठहरेंगी और आगे मुलुंड स्टेशन पर पुनः स्लो लाइन पर लाई जाएंगी। इन सेवाओं के अपने गंतव्य पर लगभग 15 मिनट देरी से पहुंचने की संभावना है।

इसी प्रकार अप स्लो लाइन की लोकल सेवाएं जो ठाणे से सुबह 11:07 बजे से दोपहर 3:51 बजे तक प्रस्थान करेंगी, उन्हें मुलुंड से माटुंगा के बीच अप फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये लोकल ट्रेनें मुलुंड, भांडुप, विक्रोली, घाटकोपर, कुर्ला और सायन स्टेशनों पर ठहरेंगी तथा माटुंगा स्टेशन पर पुनः स्लो लाइन पर लाई जाएंगी। इन ट्रेनों के भी लगभग 15 मिनट विलंबित होने की संभावना है।

वहीं ट्रांस-हार्बर लाइन पर ठाणे और वाशी/नेरुल के बीच अप एवं डाउन सेवाएं सुबह 11:10 बजे से शाम 4:10 बजे तक बंद रहेंगी। इस दौरान वाशी/नेरुल और ठाणे के बीच ट्रांस-हार्बर लाइन की सेवाएं पूरी तरह स्थगित रहेंगी।

रेलवे के अनुसार ठाणे से वाशी/नेरुल/पनवेल के लिए चलने वाली डाउन सेवाएं जो सुबह 10:35 बजे से शाम 4:07 बजे तक निर्धारित हैं, तथा पनवेल/नेरुल/वाशी से ठाणे के लिए चलने वाली अप सेवाएं जो सुबह 10:25 बजे से शाम 4:09 बजे तक निर्धारित हैं, वे रद्द रहेंगी।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह मेगा ब्लॉक यात्रियों की सुरक्षा और रेल संरचना के रखरखाव के लिए अत्यंत आवश्यक है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की जानकारी प्राप्त कर लें और असुविधा के लिए सहयोग करें।