मध्य रेलवे का मेगा ब्लॉक सफल: ठाणे व डोंबिवली में 15-कोच प्लेटफॉर्म विस्तार कार्य पूरा

मुंबई। मध्य रेलवे ने 21/22 मार्च 2026 को ठाणे और डोंबिवली स्टेशनों पर 10 घंटे का विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक सफलतापूर्वक पूरा कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह ब्लॉक 15-कोच उपनगरीय लोकल ट्रेनों के संचालन के लिए प्लेटफॉर्म विस्तार से जुड़े जरूरी अवसंरचना कार्यों को पूरा करने हेतु लिया गया था।

यह ब्लॉक ठाणे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1, 2 और 3 (सीएसएमटी छोर) तथा डोंबिवली स्टेशन के प्लेटफॉर्म 1ए, 1 और 2 पर अप एवं डाउन लोकल लाइनों पर लागू किया गया।

डोंबिवली में इस दौरान कई महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य किए गए। इसमें प्वाइंट संख्या 125W का हटाना और पुनः स्थापित करना, 4 से 5 मीटर ट्रैक स्लूइंग के जरिए लगभग 150 मीटर नई ट्रैक बिछाना और नए क्रॉसओवर का कमीशनिंग शामिल है। साथ ही 7 ओएचई मस्त/पोर्टल हटाए गए, केबलिंग को स्थानांतरित किया गया और प्लेटफॉर्म विस्तार के लिए आवश्यक जगह तैयार की गई। सीमित स्थान के बावजूद यह कार्य सुनियोजित तरीके से सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

इसके अलावा अप लोकल लाइन पर 13 मीटर के 10 ट्रैक पैनलों की अनलोडिंग और स्क्रैप सामग्री हटाने का कार्य 11 बीआरएन वैगनों और दो डीएसएल इंजनों की सहायता से किया गया।

ठाणे स्टेशन पर डाउन लोकल लाइन में क्रॉसओवर संख्या 148A/B को करीब 60 मीटर स्थानांतरित करते हुए हटाने और स्थापित करने का कार्य किया गया। इसके लिए हाइड्रा, जेसीबी और पोकलेन जैसी भारी मशीनों का उपयोग किया गया। वहीं प्वाइंट संख्या 135B, 146A, 148A और 148B के टर्नआउट एवं क्रॉसओवर का टैम्पिंग कार्य पीसीटीएम-021 मशीन से किया गया, जिससे प्लेटफॉर्म विस्तार के लिए आवश्यक स्थान उपलब्ध हो सका।

इस बड़े कार्य को समय पर पूरा करने के लिए 380 संविदा श्रमिक, 120 विभागीय कर्मचारी और 14 अधिकारियों की टीम तैनात रही। साथ ही 7 जेसीबी, 2 पोकलेन और 4 डंपर सहित भारी मशीनरी का इस्तेमाल किया गया।

मध्य रेलवे ने बताया कि 15-कोच लोकल ट्रेनों के संचालन को बढ़ावा देने के लिए आगे भी इस तरह के चरणबद्ध ब्लॉक लिए जाएंगे। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अस्थायी असुविधा के लिए सहयोग करें, क्योंकि ये कार्य भविष्य में बेहतर और अधिक क्षमता वाली उपनगरीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।