लुधियाना स्टेशन पर जल्द शुरू होगी ‘रिलैक्स चेयर’ सुविधा, यात्रियों को मिलेगा आराम का नया अनुभव

फिरोजपुर। रेल यात्रियों की सुविधा और आराम को ध्यान में रखते हुए फिरोजपुर मंडल एक नई आधुनिक पहल करने जा रहा है। लुधियाना रेलवे स्टेशन पर पहली बार यात्रियों के लिए ?रिलैक्स चेयर? सुविधा शुरू की जाएगी। रेलवे प्रशासन ने इस सुविधा का सफल आवंटन ई-ऑक्शन के माध्यम से कर दिया है। इससे यात्रियों को स्टेशन पर प्रतीक्षा के दौरान आरामदायक बैठने की सुविधा मिलेगी और साथ ही रेलवे के गैर-किराया राजस्व में भी वृद्धि होगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह सुविधा विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी। ट्रेन के इंतजार के दौरान अब यात्रियों को अधिक सहज और आरामदायक माहौल मिलेगा, जिससे उनकी यात्रा का अनुभव बेहतर होगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि रेलवे यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि फिरोजपुर मंडल भविष्य में भी इसी प्रकार की नवीन और यात्री-केंद्रित सुविधाएं शुरू करता रहेगा, ताकि यात्रियों को स्टेशन पर अधिक सुविधाजनक और सुखद अनुभव प्राप्त हो सके।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि लुधियाना स्टेशन पर शुरू होने वाली यह सुविधा यात्रियों के लिए एक सकारात्मक बदलाव साबित होगी और स्टेशन की आधुनिक छवि को भी मजबूत करेगी।