फिरोजपुर मंडल ने रचा इतिहास, सभी टीटीई लॉबी में 100 प्रतिशत बायोमेट्रिक प्रणाली लागू

फिरोजपुर।उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए डिजिटल कार्यप्रणाली की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। फिरोजपुर मंडल की सभी 8 टीटीई लॉबी में 100 प्रतिशत बायोमेट्रिक साइन-ऑन/साइन-ऑफ प्रणाली को सफलतापूर्वक लागू कर दिया गया है। इसके साथ ही फिरोजपुर मंडल उत्तर रेलवे का ऐसा पहला मंडल बन गया है, जहां टीटीई लॉबी में पूरी तरह बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू की गई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह बायोमेट्रिक प्रणाली अमृतसर, लुधियाना, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, होशियारपुर, मोगा, फिरोजपुर कैंट और फाजिल्का रेलवे स्टेशनों की टीटीई लॉबी में लागू की गई है। अब टीटीई स्टाफ की उपस्थिति साइन-ऑन और साइन-ऑफ के माध्यम से डिजिटल रूप से दर्ज की जा रही है, जिससे उपस्थिति प्रणाली अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सटीक हो गई है।

इस आधुनिक व्यवस्था के लागू होने से टीटीई स्टाफ की ड्यूटी प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल हो गई है, जिससे कार्यकुशलता बढ़ने के साथ-साथ कार्य प्रबंधन में भी सुधार आया है। साथ ही कर्मचारियों की उपस्थिति रिकॉर्डिंग में किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना भी कम हुई है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि यह पहल भारत सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान के अंतर्गत की गई है। उन्होंने कहा कि इससे रेलवे कर्मचारियों के कार्य निष्पादन में सुधार होगा और यात्रियों को बेहतर, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं प्रदान करने में सहायता मिलेगी।