फिरोजपुर मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक सम्पन्न, हिंदी के प्रभावी उपयोग पर जोर

फिरोजपुर मंडल में राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार,को मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक मंडल कार्यालय के सभाकक्ष में मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें मंडल के सभी शाखा अधिकारी एवं मुख्य कार्यालय अधीक्षक उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत में मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राजभाषा हिंदी के उपयोग में अभी और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने विभागीय निरीक्षण के दौरान राजभाषा की प्रगति की भी समीक्षा करें और अपनी निरीक्षण रिपोर्ट में इसका उल्लेख अनिवार्य रूप से करें। साथ ही उन्होंने सरल और सहज हिंदी के प्रयोग पर विशेष जोर देते हुए ?क? क्षेत्र में द्विभाषी तथा ?ख? एवं ?ग? क्षेत्र में त्रिभाषी सूत्र का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक सह अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी नितिन गर्ग ने भी अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपील की कि वे स्वयं हिंदी में कार्य करें और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी हिंदी के उपयोग के लिए प्रेरित करें। साथ ही विभागीय कार्यों में हिंदी के प्रयोग की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया।

बैठक का संचालन सहायक मंडल सामग्री प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी मस्तराम मीना द्वारा किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का सफलतापूर्वक समापन हुआ।