उत्तर मध्य रेलवे में ‘विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2025’ समारोह संपन्न, 92 रेलकर्मी सम्मानित

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे द्वारा भारतीय रेल रेलपथ मशीन प्रशिक्षण केंद्र (आईआरटीएमटीसी), सूबेदारगंज स्थित नवप्रभा सभागार में विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2025 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चंद्रा ने अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों का स्वागत किया। इस अवसर पर गणेश वंदना, स्वागत गीत, शिव तांडव, कजरी गायन और मयूर नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।

समारोह में कुल 92 रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया। इनमें 69 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार, 10 रेलकर्मियों को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार तथा 13 रेलकर्मियों को विशेष उपलब्धियों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

विभिन्न मंडलों और इकाइयों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए 40 रनिंग शील्ड, ट्रॉफी एवं कप भी प्रदान किए गए। प्रयागराज मंडल को सर्वोत्तम मंडल शील्ड एवं समग्र सुधार मंडल शील्ड सहित कई प्रमुख पुरस्कार मिले। झांसी मंडल को वाणिज्य, ट्रैक मशीन और माल भाड़ा संचालन सहित कई श्रेणियों में सम्मान मिला, जबकि आगरा मंडल को ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन, दूरसंचार और सुरक्षा दक्षता शील्ड प्रदान की गई। इसके अलावा झांसी कारखाना, कंक्रीट स्लीपर प्लांट, कानपुर डिपो और अन्य इकाइयों को भी विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए उत्तर मध्य रेलवे की उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में 46 मानवयुक्त लेवल क्रॉसिंग गेट समाप्त किए गए और 13 रोड ओवर ब्रिज तथा 41 रोड अंडर ब्रिज का निर्माण पूरा हुआ। साथ ही 751 रूट किलोमीटर पर कवच सुरक्षा प्रणाली स्थापित की गई है।

उन्होंने बताया कि स्क्रैप बिक्री से 292.66 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया, जो लक्ष्य से अधिक है। पर्यावरण संरक्षण के तहत 18.60 मेगावाट क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित किए गए, जिससे 5.69 करोड़ रुपये की बचत हुई।

रेल सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी के तहत आरपीएफ द्वारा ऑपरेशन डिग्निटी के माध्यम से 1096 बच्चों और 485 वयस्कों को सुरक्षित बचाया गया। वहीं कर्मचारी कल्याण के अंतर्गत 5955 कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया तथा 22,692 रेलकर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

महाप्रबंधक ने कहा कि यह पुरस्कार न केवल उत्कृष्ट कार्य का सम्मान है, बल्कि अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा भी है।

कार्यक्रम से पूर्व नवनिर्मित नवप्रभा सभागार का उद्घाटन भी किया गया। समारोह में अपर महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।