उत्तर मध्य रेलवे के पहलवान जोंटी कुमार को मिला प्रतिष्ठित ‘लक्ष्मण पुरस्कार’

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा खेल के क्षेत्र में दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान 'लक्ष्मण पुरस्कार' से उत्तर मध्य रेलवे के अंतरराष्ट्रीय पहलवान जोंटी कुमार को सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें कुश्ती में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।

24 मार्च को लखनऊ में आयोजित एक भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जोंटी कुमार को पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान उन्हें सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र देकर गौरवान्वित किया गया।

जोंटी कुमार वर्तमान में उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में सीसीटीसी के पद पर कार्यरत हैं। दिल्ली के प्रसिद्ध हनुमान अखाड़ा से जुड़े जोंटी ने अपने दमदार प्रदर्शन से कुश्ती जगत में खास पहचान बनाई है।

उनकी उपलब्धियों की बात करें तो जोंटी कुमार ने 4 बार 'भारत केसरी', 3 बार 'यूपी केसरी' और 2 बार 'भारत कुमार' का खिताब जीता है। इसके अलावा नेशनल गेम्स में 2 स्वर्ण पदक, सीनियर फेडरेशन कप में 2 स्वर्ण पदक और सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। अंडर-23 और सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किए हैं, वहीं एशियाई कुश्ती प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने सीनियर वर्ल्ड और एशिया कुश्ती प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया है।

इससे पहले भी 'यूपी केसरी' का खिताब जीतने पर वे तीन बार मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित हो चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि से उत्तर मध्य रेलवे में खुशी की लहर है।

महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह सहित रेलवे खेल संघ के पदाधिकारियों ने जोंटी कुमार को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।