समदड़ी–मुनाबाव रेलखंड में ट्रैक सुधार के बाद बढ़ी ट्रेनों की रफ्तार, तिलवाड़ा–गोल सेक्शन से हटाया स्थायी गति प्रतिबंध

समदड़ी?मुनाबाव रेलखंड में ट्रैक सुधार के बाद बढ़ी ट्रेनों की रफ्तार, तिलवाड़ा?गोल सेक्शन से हटाया स्थायी गति प्रतिबंध

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में रेल संचालन को अधिक तेज, सुरक्षित और सुचारू बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मंडल के समदड़ी?मुनाबाव रेलखंड के तिलवाड़ा?गोल सेक्शन में लंबे समय से लागू स्थायी गति प्रतिबंध (पीएसआर) को ट्रैक सुधार कार्य के बाद हटा दिया गया है। अब इस सेक्शन के कर्व से ट्रेनें 110 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गुजर सकेंगी।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि पहले इस कर्व पर ट्रेनों की अधिकतम गति 95 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित थी। ट्रैक के तकनीकी सुधार और कर्व के पुनर्संरेखण के बाद इसे बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा कर दिया गया है। इससे इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन अधिक तेज और सुरक्षित होगा तथा समयपालन में भी सुधार आएगा।

इस कार्य को पूरा करने के लिए रविवार को दोपहर 1:35 बजे से शाम 7:05 बजे तक ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया। ब्लॉक के दौरान यहां लगे चार ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) मास्ट हटाए गए और उनके फाउंडेशन को जेसीबी ब्रेकर की मदद से तोड़ा गया। इसके बाद डुओमैटिक मशीन से ट्रैक की टैम्पिंग कर लाइन का अलाइनमेंट सुधारा गया, जिससे ट्रैक पहले की तुलना में अधिक मजबूत और संतुलित हो गया।

तकनीकी सुधार के तहत कर्व नंबर-17 को 12.51 मीटर तक शिफ्ट किया गया, जिससे इसका घुमाव 3 डिग्री से घटकर 1.96 डिग्री रह गया। कर्व का घुमाव कम होने से ट्रेनों के लिए इस हिस्से से गुजरना अब पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित और सुगम हो गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार के ट्रैक सुधार कार्यों से ट्रेनों की गति, सुरक्षा और समयपालन में उल्लेखनीय सुधार होता है। यह कार्य बिजली शाखा (कर्षण) और परिचालन विभाग के समन्वय से ट्रैफिक ब्लॉक लेकर सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि जोधपुर मंडल रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित रेल संचालन के लिए लगातार ट्रैक आधुनिकीकरण और तकनीकी सुधार के कार्य कर रहा है। उन्होंने इस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए इंजीनियरिंग और बिजली शाखा की टीम की सराहना भी की।

प्रमुख तथ्य

कर्व पर ट्रेनों की स्पीड 95 से बढ़कर 110 किमी/घंटा हुई

कर्व नंबर-17 को 12.51 मीटर तक शिफ्ट किया गया

कर्व का घुमाव 3 डिग्री से घटकर 1.96 डिग्री किया गया

ट्रैक सुधार कार्य के दौरान 4 ओएचई मास्ट हटाए गए