हरदोई में ट्रांसफार्मर तेल चोरी का खुलासा, मुठभेड़ में शातिर आरोपी गिरफ्तार, 40 से अधिक मुकदमे है दर्ज

हरदोई। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में निजी नलकूपों के विद्युत ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नगदी, अवैध असलहा, कारतूस, तेल और कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 14 मार्च 2026 को अवर अभियंता सुखपाल सिंह ने थाना पाली में तहरीर देकर ग्राम मुडरामऊ व बाबरपुर में पांच नलकूपों के ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की सूचना दी थी। इसी तरह 15 मार्च को अवर अभियंता भैयालाल पाल ने थाना पचदेवरा में 10 ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की शिकायत दर्ज कराई। वहीं 21 मार्च को सर्वेश कुमार ने थाना बिलग्राम में एक अन्य घटना दर्ज कराई।
घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सर्किल शाहाबाद के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया। अभियान के तहत थाना पाली व पचदेवरा की संयुक्त पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुलदीप उर्फ गब्बर (निवासी फर्रुखाबाद) के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 20 हजार रुपये, 315 बोर तमंचा, कारतूस, 40 लीटर तेल और एक कार बरामद हुई।
एएसपी आलोक राज नारायण ने बताया कि आरोपी पर 40 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।