राष्ट्रीय काव्य जगत में छाया विदिशा का नाम: दूरदर्शन पर काव्य पाठ करेंगे सतेन्द्र "सत्यज"


​विदिशा से शोभित जैन की रिपोर्ट

अपनी धारदार लेखनी और ओजस्वी वाणी से देशभर के श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करने वाले विदिशा के युवा कवि सतेन्द्र धाकड़ "सत्यज" के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। अपनी कविताओं के माध्यम से निरंतर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे सत्यज जल्द ही भारत के राष्ट्रीय टीवी चैनल दूरदर्शन पर काव्य पाठ करते नजर आएंगे।

​साहित्यिक संगठनों में निभा रहे महत्वपूर्ण भूमिका

राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अखिल भारतीय स्वर्णकार महासभा एवं कवि लायन अरुण कुमार सोनी ने बताया कि सतेन्द्र सत्यज न केवल एक उत्कृष्ट रचनाकार हैं, बल्कि वे सांगठनिक कौशल में भी निपुण हैं। वर्तमान में वे अखिल भारतीय साहित्य परिषद श्योपुर के जिलाध्यक्ष के रूप में साहित्य की सेवा कर रहे हैं। इसके साथ ही, उन पर राष्ट्रीय कवि संगम, मध्य भारत प्रांत के प्रांत मंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।

​सैकड़ों मंचों और प्रतिष्ठित संस्थानों में दी प्रस्तुति

सत्यज का काव्य सफर काफी प्रभावशाली रहा है। वे अब तक देश के सैकड़ों अखिल भारतीय कवि सम्मेलनों में देश के दिग्गज कवियों के साथ मंच साझा कर चुके हैं। वहीं प्रदेश के 10 से अधिक टीवी चैनल पर भी अपनी कविताओं की प्रस्तुति दे चुके हैं। कई पत्र पत्रिकाओं में सत्यज की कविताओं का प्रकाशन होता रहा है! युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों जैसे NIT (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी), मेडिकल कॉलेजों (MBBS) और विभिन्न इंजीनियरिंग कॉलेजों में अपनी काव्य प्रस्तुति से अमिट छाप छोड़ चुके हैं।