बेमौसम बारिश से तबाही गेहूं व तिलहन की पूरी फसल जमीन पर गिरी। 

बहराइच जिले के विशेश्वरगंज क्षेत्र में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। अचानक बदले मौसम और तेज बारिश के चलते गेहूं और तिलहन की तैयार खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में पानी भर जाने से पूरी फसल जमीन पर लेट गई है, जिससे उत्पादन पर गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।क्षेत्र के ग्राम सभा अमराई के मंगराइचपुरवा के किसान तुलसीराम तिवारी, मंगल प्रसाद तिवारी,सुरेंद्र तिवारी, अरुण कुमार तिवारी, राम सुंदर त्रिपाठी, अश्वनी तिवारी और धर्मराज तिवारी ने बताया कि बारिश के कारण उनकी पूरी फसल जमीन पर गिरकर लेट गई है। गेहूं की बालियां भीगकर खराब हो रही हैं और तिलहन की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। कई जगहों पर खेत जलमग्न हो गए हैं, जिससे फसल सड़ने का खतरा बढ़ गया है।किसानों का कहना है कि फसल कटाई के ठीक पहले हुई इस बारिश ने उनकी आर्थिक स्थिति को कमजोर कर दिया है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।