इज्जतनगर मंडल में सतर्कता जागरूकता बैठक आयोजित, पारदर्शिता पर जोर

इज्जतनगर मंडल में सतर्कता जागरूकता बैठक आयोजित, पारदर्शिता पर जोर

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में सतर्कता जागरूकता को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी तुषार कान्त पाण्डेय ने की। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित गोरखपुर मुख्यालय, इज्जतनगर मंडल एवं यांत्रिक कारखाना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए पाण्डेय ने कहा कि रेलवे में निविदाओं की ऑनलाइन प्रक्रिया से पारदर्शिता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसके बावजूद अद्यतन जानकारी और सतर्कता के उपायों को अपनाकर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को और प्रभावी तरीके से रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस बैठक का उद्देश्य रेल कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाना और अधिकारियों के अनुभवों के आदान-प्रदान के माध्यम से सेवाओं को और बेहतर बनाना है।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से भ्रष्टाचार उन्मूलन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि मुख्यालय द्वारा सुझाए गए पद्धति सुधारों को अपनाकर सिस्टम को और मजबूत किया जा सकता है। साथ ही, उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए रेल सेवाओं में ईमानदारी और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि मुख्य सतर्कता अधिकारी द्वारा साझा किए गए विचारों और अनुभवों को आत्मसात कर मंडल में रेल सेवाओं को और अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर गोरखपुर मुख्यालय से आए उप मुख्य सतर्कता अधिकारियों जॉय अमित वेंन्ड्रन (लेखा), के.सी. सिंह (भंडार), निकुंज सक्सेना (यांत्रिक) तथा आशीष त्रिपाठी (यातायात) ने केस स्टडी के माध्यम से विभिन्न विभागों में कार्य निष्पादन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

बैठक में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।