सतर्कता से टली बड़ी रेल दुर्घटना, राजकुमार बघेल बने ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने 18 मार्च 2026 को महाप्रबंधक सभाकक्ष, गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 03 कर्मचारियों को ?सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ? घोषित कर नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इसी क्रम में इज्जतनगर मंडल के इंजीनियरिंग विभाग में कार्यरत ट्रैकमेन्टेनर श्री राजकुमार बघेल को उनकी उत्कृष्ट सतर्कता के लिए सम्मानित किया गया।

03 जनवरी 2026 को कासगंज-मथुरा रेलखंड पर कासगंज-मारहरा ब्लॉक सेक्शन के बीच शीतकालीन पेट्रोलिंग के दौरान श्री बघेल ने किमी 250/2-3 पर रेल पटरी टूटी हुई देखी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत कासगंज से आ रही ट्रेन को फ्रैक्चर स्थल तक पहुंचने से पहले ही रुकवा दिया।

इसके साथ ही उन्होंने तत्काल एरिया कंट्रोल एवं संबंधित रेलपथ पर्यवेक्षक को सूचना दी, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई संभव हो सकी और एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।

रेलवे प्रशासन ने श्री बघेल की तत्परता, जिम्मेदारी और सजगता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी इस सूझबूझ से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई और एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि रेलवे ऐसे कर्मठ और सतर्क कर्मचारियों को सम्मानित कर अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरित करता है।