सतर्कता से टली बड़ी रेल दुर्घटना, ट्रैकमैन राजकुमार बघेल को ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ सम्मान

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने 18 मार्च 2026 को गोरखपुर स्थित महाप्रबंधक सभाकक्ष में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 03 कर्मचारियों को ?सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ? घोषित कर नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इनमें इज्जतनगर मंडल के इंजीनियरिंग विभाग में कार्यरत ट्रैकमेन्टेनर राजकुमार बघेल का नाम प्रमुख रूप से शामिल है, जिन्होंने अपनी सूझबूझ और सतर्कता से एक बड़ी रेल दुर्घटना टाल दी।

कैसे बची बड़ी दुर्घटना

03 जनवरी 2026 को कासगंज-मथुरा रेलखंड पर कासगंज-मारहरा ब्लॉक सेक्शन के बीच शीतकालीन पेट्रोलिंग के दौरान श्री बघेल ने किमी 250/2-3 पर रेल पटरी टूटी हुई देखी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत कासगंज से आ रही ट्रेन को फ्रैक्चर स्थल तक पहुंचने से पहले ही रुकवा दिया।

इसके साथ ही उन्होंने तत्काल एरिया कंट्रोल एवं संबंधित रेलपथ पर्यवेक्षक को सूचना दी, जिससे समय रहते मरम्मत कार्य शुरू किया जा सका और एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।

रेलवे ने की सराहना

रेलवे अधिकारियों ने श्री बघेल की तत्परता, जिम्मेदारी और सजगता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी इस कार्रवाई ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की और रेलवे संपत्ति को भी नुकसान से बचाया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि रेलवे ऐसे कर्मठ और सतर्क कर्मचारियों को सम्मानित कर अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरित करता है।

रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था में ऐसे समर्पित कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, जो हर परिस्थिति में सतर्क रहकर यात्रियों की जान बचाने का कार्य करते हैं।