यूपी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर हरदोई में कार्यक्रम, मंत्री रजनी तिवारी ने गिनाईं उपलब्धियां, कहा- नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई होना स्वाभाविक

हरदोई। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गांधी भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सरकार की विभिन्न उपलब्धियों को प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने सरकार की योजनाओं और कार्यों को विस्तार से बताया।
मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नौ दिनों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार विकास और जनहित के कार्य कर रही है।
गंगा में नमाज और अफ़्तार को लेकर उन्होंने कहा कि नमाज निर्धारित स्थानों या घरों में अदा की जानी चाहिए। सार्वजनिक स्थलों पर नमाज या अन्य धार्मिक आयोजन के लिए पूर्व अनुमति लेना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन होने पर कार्रवाई होना स्वाभाविक है।
माध्यमिक परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है, लेकिन कुछ लोग सरकार को बदनाम करने का प्रयास करते हैं। इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सावन में पुष्पवर्षा के सवाल पर उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराओं का सम्मान किया जाना चाहिए और सरकार अपनी नीतियों के अनुसार निर्णय लेती है। वहीं कांग्रेस पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को पहले अपने संगठन को मजबूत करना चाहिए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह, विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल, जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन और नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।