मुरादाबाद में बिजली व्यवस्था सुधार को लेकर बड़ी बैठक, गर्मियों से पहले तैयारियों की समीक्षा

मुरादाबाद में बिजली व्यवस्था सुधार को लेकर बड़ी बैठक, गर्मियों से पहले तैयारियों की समीक्षा

मुरादाबाद,पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रविश गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को मुख्य अभियन्ता (वितरण) कार्यालय, मुरादाबाद के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुरादाबाद नगरीय क्षेत्र में लागू की जा रही रीस्ट्रक्चरिंग वर्टिकल व्यवस्था तथा आगामी ग्रीष्मकाल को देखते हुए विद्युत व्यवस्था की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्य अभियन्ता (वितरण) मुरादाबाद अशोक कुमार चौरसिया, अधीक्षण अभियन्ता नगरीय वितरण मण्डल प्रशान्त कुमार, पर्यवेक्षक अभियन्ता गुलशन गोयल, स्टाफ ऑफिसर सोनम सिंह सहित मुरादाबाद के नगरीय वितरण मण्डल और वितरण मण्डल-प्रथम के सभी अधिशासी अभियन्ता उपस्थित रहे।

बैठक में प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को नए विद्युत कनेक्शन देने में आने वाली अनावश्यक क्वेरीज को समाप्त किया जाए और आवश्यक औपचारिकताओं के लिए उपभोक्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं से संपर्क का साक्ष्य फाइल में दर्ज किया जाए।

गर्मी के मौसम में संभावित विद्युत मांग को देखते हुए 33 केवी वर्टिकल की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि लाइनों और उपकेंद्रों पर लगभग 95 प्रतिशत मेंटेनेंस कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं 11 केवी वर्टिकल के अंतर्गत ट्रांसफॉर्मरों की लोड बैलेंसिंग की जा रही है तथा शेष ट्रांसफॉर्मरों पर फ्यूजसेट और टेललेस यूनिट लगाने का कार्य जारी है।

प्रबंध निदेशक ने सभी अधिशासी अभियन्ताओं को निर्देश दिए कि लाइन मेंटेनेंस से जुड़े संविदा कर्मियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना अनिवार्य किया जाए। साथ ही सुरक्षा उपकरणों के उपयोग को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित कर उसकी फोटो और वीडियोग्राफी भी कराई जाए।

उन्होंने अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि अनुरक्षण माह के दौरान प्रत्येक उपकेंद्र पर सभी लाइन मेंटेनेंस कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। इसके अलावा सभी ट्रांसफॉर्मरों का समय पर मेंटेनेंस कराने और किसी भी ट्रांसफॉर्मर के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में अधिशासी अभियन्ता स्तर तक जिम्मेदारी तय करने की बात कही।

बैठक के दौरान प्रबंध निदेशक ने कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली को पूर्ण रूप से लागू करने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सके।

अधिकारियों का कहना है कि इन निर्देशों के बाद मुरादाबाद शहर में गर्मियों के दौरान बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।