मुरादाबाद पहुंचे जेपी नड्डा ने छात्रों को दी डिग्री,  कहा- 2047 तक भारत बनेगा विकसित राष्ट्र

मुरादाबाद। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा शनिवार को तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। यहां पर उन्होंने विद्यार्थियों को डिग्री दी और उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

नड्डा ने कहा कि आजादी के बाद जितना विकास अब हुआ है, उतना पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे बदलाव का इंतजार नहीं करें, बल्कि उस बदलाव का हिस्सा बनकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार इंजीनियरिंग और मेडिकल क्षेत्र में मेधावी विद्यार्थियों के लिए कई सुविधाएं और अवसर उपलब्ध करा रही है। स्टूडेंट्स को डिग्री वितरित करने के बाद नड्डा ने कहा कि आप सभी को आपके संकल्प और मेहनत की वजह से ये डिग्रियां मिल रही हैं।

नड्डा ने कहा कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनेगा और आप इसको अपनी आंखों से देखेंगे। उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य आपके हाथों में है और देश को विकसित बनाने में आपकी बड़ी जिम्मेदारी है।