मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग का रेस्टोरेंट्स पर औचक निरीक्षण

मुरादाबाद। आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए अग्नि सुरक्षा को लेकर मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड में नजर आया। रविवार को उत्तर प्रदेश अग्निशमन विभाग के महानिदेशक सुजीत पांडेय के आदेश पर जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शहर के विभिन्न रेस्टोरेंट्स का औचक निरीक्षण किया गया।

इस दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) डॉ. आर. के. पाण्डेय और मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने टीम के साथ कई रेस्टोरेंट्स में पहुंचकर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान फायर एक्सटिंग्विशर, फायर सेफ्टी उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग और अन्य सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से परीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने रेस्टोरेंट संचालकों को अग्नि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम रखने की सलाह दी। साथ ही गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाओं से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

अग्निशमन विभाग की इस कार्रवाई से रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया, वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में अग्नि सुरक्षा को लेकर ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।