हरदोई में नाबालिग को जबरिया ले जाने का आरोप, पीड़ित परिवार ने पुलिस से लगाई गुहार, घर में घुसकर मारपीट के बाद नाबालिग को घर से उठाने का आरोप

हरदोई। शाहाबाद थाना क्षेत्र में नाबालिग को उठाकर ले जाने के मामले में पीड़ित परिवार के साथ दोबारा मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने सुलह का दबाव बनाने के लिए दोबारा हमला किया, जिसमें नाबालिग की मां गंभीर रूप से घायल हो गई।
पीड़ित परिवार के अनुसार 11 फरवरी 2026 को कुछ दबंग नाबालिग को जबरन उठाकर ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों दीपू, गणेश और कुलदीप को 9 मार्च 2026 को पकड़ा था, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों के हौसले और बढ़ गए।
परिजनों का आरोप है कि 15 मार्च 2026 को दबंग फिर से नाबालिग को उठा ले गए और उसके घर पहुंचकर परिवार के लोगों के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान नाबालिग की मां को गंभीर चोटें आईं और उनका हाथ टूट गया। घायल महिला को उपचार के लिए शाहजहांपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं नाबालिग के पिता के साथ भी मारपीट की गई।
परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के दौरान एक आरोपी के हाथ में बंदूक थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र के एक भाजपा नेता लालाराम राजपूत आरोपियों की मदद कर रहे हैं, जिससे पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों ने मुकदमे में सुलह न करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। वहीं जब पीड़ित तहरीर देने थाने पहुंचा तो पुलिस ने शिकायत लेने से इनकार कर दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है।